
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू आज वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट पेश कर रहे हैं। सीएम सुक्खू बजट पेश करने के लिए ऑल्टो कार खुद चलाकर विधानसभा पहुंचे। बजट में कई बड़ी घोषणाएं की गई हैं
हिमाचल में 1 जनवरी 2025 से 31 मार्च 2026 तक 21 साल की उम्र पूरा करने वाली बेटियों को 1500 रुपए सम्मान भत्ता दिया जाएगा। जो महिलाएं दूसरों के घरों में काम कर परिवार का गुजर बसर करती हैं, उन्हें 1 जून 2025 से लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। उनकी पात्र बेटियां भी 1500 रुपए की हकदार होंगी। विधवा महिलाओं की पात्र बेटियों को भी लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि पंचायतों द्वारा अनुमोदित महिलाओं को भी आने वाले समय में लाभ दिया जाएगा। वहीं 2400 करोड़ से दो चरणों में मनाली, कुल्लू, नादौन, नग्गर, बाबा बालकनाथ मंदिर, नगरोटा बगवां, पालमपुर में पर्यटन इकाइयां विकसित होंगी।


शहरी विकास क्षेत्र में 656 करोड़ रुपये खर्च होंगे
इसके तहतर 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को घरद्वार स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। बजट में नगर निकाय जनप्रतिनिधियों के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की गई है। नगर निगम महापौर व उप महापौर के मानदेय में 1000-1000 रुपये की बढ़ोतरी की है। शहरी विकास क्षेत्र में 656 करोड़ रुपये खर्च होंगे। शिमला शहर में लग्जरी बसें चलाई जाएगी ताकि निजी वाहनों का इस्तेमाल कम हो। हिम परिवार पोर्टल के तहत जारी आईडी सरकारी योजनाओं से लिंक होगी, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
अंतरजातीय विवाह पर 50 हजार के बजाय अब दो लाख रुपये मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश में ड्रोन टैक्सी सेवाएं उपलब्ध करवाने की योजना बनाएगी। इसका इस्तेमाल कृषि-बागवानी, दवाइयों को पहुंचाने सहित अन्य कार्यों में किया जाएगा। मंडी, हमीरपुर व कांगड़ा में ड्रोन स्टेशन बनेंगे। 33 केवी या इससे अधिक बिजली खपत वाले उद्योगों को बिजली बिल पर सब्सिड मिलेगी। नशा रोकने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स गठित होगी। सीएम सुक्खू ने नशाखोरी रोकने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स गठित करने की घोषणा की है। राजगढ़, कंडाघाट में दमकल केंद्र खोला जाएगा।